वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे खुद संभाल रहे कमान, बुजुर्गों को मिल रही बड़ी राहत
राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। नवंबर माह में पेंशनर्स के लिए जीवित प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सुगम और सरल बनाने के लिए जनपद कोषागार द्वारा सराहनीय पहल की गई है। जनपद कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले लगभग 23,000 पेंशनरों की सुविधा के लिए कोषागार कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टाल स्थापित किए गए हैं, जिससे बुजुर्गों को प्रमाण पत्र जमा करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वरिष्ठ कोषाधिकारी की अनूठी पहल
दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्ग पेंशनरों को कतारों में खड़े रहने या किसी तकनीकी समस्या से बचाने के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे स्वयं आगे आए हैं। वे व्यक्तिगत रूप से बुजुर्ग पेंशनर्स से मिल रहे हैं और उनके कार्यों का त्वरित निस्तारण कर रहे हैं। कार्यालय के भीतर और बाहर लगाए गए विभिन्न काउंटरों पर जाकर वे लगातार पेंशनरों की समस्याएं सुन रहे हैं और मौके पर ही उनका समाधान कर रहे हैं।
आपसी सहयोग और त्वरित निस्तारण
कार्यालय में आने वाले हर बुजुर्ग पेंशनर की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है। वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे के निर्देश पर तैनात जिम्मेदार कर्मचारी भी बुजुर्गों की हरसंभव सहायता में जुटे हुए हैं। कार्यालय में पहुंचने वाले पेंशनर बेझिझक अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ कोषाधिकारी के समक्ष रख रहे हैं, और संबंधित मामलों का तत्काल निस्तारण किया जा रहा है, जिससे पेंशनरों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही है। इस विशेष व्यवस्था से जनपद के हजारों बुजुर्ग पेंशनरों को न केवल लंबी प्रक्रियाओं से मुक्ति मिली है, बल्कि समय की भी भारी बचत हो रही है। कोषागार प्रशासन की इस संवेदनशीलता और सुव्यवस्था की चारों तरफ सराहना हो रही है।










