Home / Uncategorized / दिवंगत शिक्षक राकेश सिंह के परिवार को टीएससीटी ने सौंपी 49.68 लाख की आर्थिक मदद

दिवंगत शिक्षक राकेश सिंह के परिवार को टीएससीटी ने सौंपी 49.68 लाख की आर्थिक मदद

राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। प्रदेश के शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों के लिए समर्पित संस्था ‘टीचर्स सेल्फ केयर टीम’ (टीएससीटी) ने प्राथमिक विद्यालय बभनौली (बेरुआरबारी) के दिवंगत शिक्षक राकेश सिंह के निधन के बाद उनके परिवार को 49,68,000 रुपये की बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की है। ​प्राथमिक विद्यालय बभनौली के शिक्षक राकेश सिंह का हाल ही में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार के सामने आई आर्थिक संकट की घड़ी में टीएससीटी संबल बनकर सामने आई। टीएससीटी प्रदेश के करीब चार लाख शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षा विभाग के अधिकारी कर्मचारियों का एक ऐसा समूह है जो अपने किसी सदस्य के निधन पर उनके परिजनों की आर्थिक मदद करता है। इस बार भी प्रदेश के बीस परिवारों को करीब दस करोड़ रुपये की सहायता धनराशि मिली है, जिसमें राकेश सिंह की पत्नी निशा सिंह भी शामिल हैं। ​दिवंगत शिक्षक की पत्नी निशा सिंह को प्रदेश के 3 लाख 31 हजार से अधिक सदस्यों ने 15-15 रुपये का अंशदान देकर करीब 50 लाख की यह मदद पहुंचाई है। इस सहायता में बलिया जनपद के 6,733 सदस्यों ने भी अपना योगदान दिया है। पति की अचानक मौत के बाद मिले इस आर्थिक सहयोग पर निशा सिंह, निवासी कैथवली, बेरुआरबारी ने टीएससीटी के प्रदेश अध्यक्ष विवेकानंद, महामंत्री सुधेश पांडे, कोषाध्यक्ष संजीव रजक सहित सभी जिला व ब्लॉक के पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आजीवन आभार व्यक्त किया है। ​टीएससीटी के जिला संयोजक सतीश सिंह ने बताया कि संस्था अब तक बलिया जिले के नौ दिवंगत शिक्षकों और शिक्षामित्रों के परिजनों की मदद कर चुकी है। इस फेहरिस्त में स्व. राकेश सिंह के अलावा सत्येन्द्रनाथ त्रिपाठी, अशोक यादव, लालजी राम, दिनेश दूबे, राजकुमार पांडे, रिंटू राय, सुरेन्द्रनाथ सिंह और शाहनवाज अहमद के परिवार शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *