आनंद उपवन में पेयजल, कुर्सियों और हाईमास्ट लाइट की कराई गई व्यवस्था, कोषागार विभाग ने जताया आभार
राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। ऐतिहासिक बलिया कोषागार परिसर स्थित पेंशनर पार्क ‘आनंद उपवन’ में बुजुर्ग पेंशनर्स की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए सराहनीय सहयोग के लिए आरोही विकास संस्थान के प्रतिनिधि लवकुश यादव को वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे और बुजुर्ग पेंशनर्स द्वारा बुधवार को सम्मानित किया गया। आरोही विकास संस्थान के माध्यम से ओएनजीसी ने अपने सीएसआर (कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) फंड से आनंद उपवन में पेंशनर्स के लिए पेयजल की व्यवस्था, बैठने के लिए कुर्सियां तथा परिसर को रोशन करने के लिए हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था कराई है। इन सुविधाओं से पार्क में आने वाले बुजुर्ग पेंशनर्स को काफी सहूलियत मिलेगी। इस सामाजिक योगदान के लिए बलिया कोषागार विभाग की ओर से लवकुश यादव को फूलमाला एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद लवकुश यादव ने भावुकता व्यक्त करते हुए कहा कि कोषागार विभाग की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है। आरोही विकास संस्थान आगे भी अपने बड़े-बुजुर्गों के सम्मान और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए पूरी सक्रियता एवं समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाता रहेगा। पेंशनर्स की सुविधाओं को ध्यान में रखकर किए गए इस प्रयास को बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सामाजिक सरोकार की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसी क्रम में बलिया कोषागार विभाग के कर्मचारियों द्वारा पेंशनर सम्मान समारोह में सहयोग करने के लिए बलिया कोषागार विभाग ने विभागीय कर्मचारी को अंग वस्त्र फूल मालाओं एवं बुके देकर सम्मानित किया, जिसमें दुर्गेश, अजय, हरेंद्र, रवि यादव, कमलेश आदि शामिल रहे










