Home / Uncategorized / ‘नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे’, बालेन शाह के साथ PM मोदी ने साझा आस्था का किया जिक्र

‘नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे’, बालेन शाह के साथ PM मोदी ने साझा आस्था का किया जिक्र

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने भारत-नेपाल संबंधों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों पर आधारित बताया। इस दौरान पीएम मोदी ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के Development Cooperation Package की घोषणा की।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं। सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है। दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां साझी हैं और दोनों एक-दूसरे की प्रगति में साथी तथा मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा हैं।पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के आपसी जुड़ाव पर आधारित हैं। उन्होंने भगवान राम और माता सीता को दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था की पहचान बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ का भी जिक्र किया। उन्होंने अगस्त में नेपाल में आई बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के लिए भारत 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के Development Cooperation Package की घोषणा कर रहा है।पीएम मोदी ने 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता भारत और नेपाल की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत एक सशक्त और समृद्ध नेपाल की विकास यात्रा में हमेशा सहभागी रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इसी क्रम में अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत को भी दोनों देशों के रिश्तों में नए आयाम के रूप में देखा गया।नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने कहा कि वह भगवान पशुपतिनाथ और माता जानकी के आशीर्वाद के साथ भारत आए हैं। उन्होंने भारत और नेपाल के संबंधों को हिमालय की तरह मजबूत और समुद्र की तरह विस्तृत बताया। बालेन शाह ने संकट और मुश्किल समय में भारत की ओर से नेपाल को मिले सहयोग के लिए भारत सरकार और जनता का आभार जताया।

बालेन शाह ने कहा कि अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल कनेक्टिविटी का उद्घाटन दोनों देशों के संबंधों में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भारतीय निवेशकों को नेपाल आने का न्योता भी दिया।

नेपाल के प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण और भारत में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के रिश्तों की नींव आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और सद्भावना पर टिकी है। दोनों देशों के लोगों के बीच गहरा जुड़ाव इस रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *