Home / Uncategorized / अयोध्या से जनकपुर के बीच दौड़ी सरयू-कमला एक्सप्रेस, PM मोदी और नेपाली PM बालेंद्र शाह ने दिखाई हरी झंडी

अयोध्या से जनकपुर के बीच दौड़ी सरयू-कमला एक्सप्रेस, PM मोदी और नेपाली PM बालेंद्र शाह ने दिखाई हरी झंडी

अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। भगवान श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस दोनों देशों के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। यह ट्रेन अयोध्या धाम से जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

रेल मंत्रालय के मुताबिक, सरयू-कमला एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। यह ट्रेन अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के अलावा मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो हॉल्ट, मधुबनी और जयनगर रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।

जनकपुर धाम से अयोध्या धाम जाने वाली ट्रेन नंबर 15595 आगामी 28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को दोपहर 01:10 बजे नेपाली समय के अनुसार रवाना होगी और रविवार को सुबह 08:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वहीं, वापसी में अयोध्या धाम से जनकपुर धाम जाने वाली ट्रेन नंबर 15596 आगामी 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को शाम 05:50 बजे अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और मंगलवार को दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी।

सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 डिब्बे होंगे। इनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच के अलावा 1 पावर कार और दिव्यांग यात्रियों के लिए 1 SLRD कोच शामिल होगा। अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को करीब 19 घंटे का समय लगेगा।

रामायण परंपरा से जुड़े अयोध्या और जनकपुर के बीच यह रेल सेवा दोनों देशों के यात्रियों के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंच आसान बनाएगी। साथ ही, इससे भारत और नेपाल के बीच साझा सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत के संबंधों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *