राजीव शंकर चतुर्वेदी
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। स्थानीय कोषागार कार्यालय में सोमवार के दिन जनगणना कार्य के तहत स्व-जनगणना’ की प्रक्रिया को सुगम और सफल बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, जनगणना निदेशालय से आए अधिकारी मंदेश चौरसिया तथा मुख्य कोषाधिकारी आनंद दूबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जनपद के बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिकों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम अनिल कुमार ने कहा कि देश के विकास और नीति निर्माण में जनगणना की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों से अपील की कि वे न केवल स्वयं डिजिटल माध्यम से अपनी स्व-जनगणना सुनिश्चित करें, बल्कि समाज के अन्य वर्गों और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति प्रेरित और जागरूक करें। जनगणना निदेशालय के प्रतिनिधि मंदेश चौरसिया ने स्व-जनगणना की तकनीकी प्रक्रिया और इसके लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नागरिक किस प्रकार घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की सटीक जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे समय की बचत होने के साथ-साथ डेटा की शुद्धता भी बनी रहती है। वहीं, मुख्य कोषाधिकारी आनंद दूबे ने कोषागार से जुड़े पेंशनर्स एवं भूतपूर्व सैनिकों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान भूतपूर्व सैनिकों की जिज्ञासाओं और तकनीकी शंकाओं का समाधान भी किया गया। अंत में सभी भूतपूर्व सैनिकों ने इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।
स्व-जनगणना के प्रति भूतपूर्व सैनिकों को किया गया जागरूक, कोषागार कार्यालय में संपन्न हुई बैठक










