▪ नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन एमएसयू का किया निरीक्षण
▪ सुस्त रफ्तार पर जताई नाराजगी, तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
▪ पार्क का होगा कायाकल्प, तीमारदारों को मिलेगी बैठने व हरियाली की सुविधा
पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। नगर निगम द्वारा शिवपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निर्माणाधीन मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू) के कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ परिसर के सौंदर्यीकरण की बड़ी पहल की गई है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को केंद्र का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर की समग्र सुंदरता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परिसर के पार्क का कायाकल्प करने का निर्देश देते हुए हरी घास, छायादार वृक्ष एवं फूलदार पौधों के रोपण की योजना तैयार करने को कहा। साथ ही मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए पार्क में बेंच लगाने तथा बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उन्हें सुकून भरा वातावरण मिल सके।
इसके अतिरिक्त आलोक विभाग को परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए, जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, स्वास्थ्य मंत्रालय (भारत सरकार) के रिसर्च ऑफिसर डॉ. अवनिंद्र द्विवेदी, सिविल एवं मार्ग प्रकाश विभाग के सहायक अभियंता सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम की इस पहल से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि परिसर का वातावरण भी अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक होने की संभावना है।










