पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/सिसवा बाजार।
22 फरवरी 2026
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में रविवार को सामाजिक समरसता बैठक का आयोजन चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कालेज परिसर में किया गया। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न जाति-बिरादरी एवं समाज के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द, समानता और एकजुटता की भावना को सुदृढ़ करना था। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रचारक विनय भाई साहब ने कहा कि किसी भी राष्ट्र और समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता और संगठन में निहित होती है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे जातिगत भेदभाव और सामाजिक विभाजन से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में मिलकर कार्य करें।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल शब्दों तक सीमित न रहकर व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए। जब समाज के सभी वर्ग परस्पर सम्मान, सहयोग और सद्भाव की भावना से जुड़ते हैं, तभी सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव होता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और सकारात्मक सोच के साथ समाज सेवा में आगे आने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, पारस्परिक संवाद बढ़ाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग पहुँचाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सामाजिक समरसता और एकता को बनाए रखने तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सामाजिक समरसता बैठक सम्पन्न, एकता व संगठन का दिया संदेश










