पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। दिनांक 27 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक आयोजित अंडर-15 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन (सेलम) तमिलनाडु में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ द्वारा घोषित राज्य टीम में बनारस के चार प्रतिभाशाली बाल पहलवानों का चयन हुआ है, जिससे जनपद एवं प्रदेश में हर्ष की लहर है।
फ्रीस्टाइल वर्ग में 41 किलोग्राम भार वर्ग में शिवम राजभर, 62 किलोग्राम में अंशु यादव तथा 75 किलोग्राम में लालू यादव को टीम में स्थान मिला है। वहीं ग्रीको रोमन शैली के 57 किलोग्राम भार वर्ग में अमित यादव का चयन किया गया है। उल्लेखनीय है कि इन चारों खिलाड़ियों ने अंडर-15 राज्य चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था, जिसके आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन सुनिश्चित हुआ।
उत्तर प्रदेश की कुश्ती टीम 24 फरवरी को दिल्ली से तमिलनाडु के लिए रवाना होगी। टीम के साथ प्रशिक्षक के रूप में के.के. यादव एवं दिव्यांश सिंह खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। प्रशिक्षकों ने विश्वास जताया कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
टीम में चयनित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को संजय कुमार सिंह “बबलू” अध्यक्ष भारतीय कुश्ती संघ, करण भूषण सिंह अध्यक्ष उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ, सुरेश चंद्र उपाध्याय सचिव उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ, राजीव सिंह “रानू” अध्यक्ष वाराणसी कुश्ती संघ, गोरख यादव वरिष्ठ उपाध्यक्ष वाराणसी कुश्ती संघ सहित वाराणसी कुश्ती संघ के समस्त पदाधिकारियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।










