Home / Uncategorized / दबंगई का आरोप: मिष्ठान की दुकान पर गाली-गलौज व धमकी, सीसीटीवी में कैद घटना

दबंगई का आरोप: मिष्ठान की दुकान पर गाली-गलौज व धमकी, सीसीटीवी में कैद घटना

पूर्वांचल राज्य/चंदौली

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुढ़कला-चकिया रोड स्थित अन्नपूर्णा मिष्ठान की दुकान पर रविवार रात दबंगई और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता सुनीता निगम ने आरोप लगाया है कि एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगा और मारपीट की धमकी दी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पीड़िता के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे सुनील गुप्ता अपने बेटे प्रदीप गुप्ता उर्फ सोनू और साथी प्रिंस उर्फ पकौड़ी के साथ उनकी दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने दुकान पर आते ही अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनके बेटों के साथ भी बदसलूकी की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।

सुनीता निगम का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार दुकान पर आकर गाली-गलौज कर चुका है। उनका आरोप है कि दुकान किराए पर न देने की वजह से वह उनसे नाराज रहता है और इसी को लेकर अक्सर विवाद करता है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अतिक्रमण कर पहले से दुकान चला रहा है और अपने प्रभाव का हवाला देकर उन पर दबाव बनाता है। वहीं पीड़िता के बेटे ने बताया कि घटना के बाद जब वह सूचना देने पुलिस पिकेट पर गया तो वहां मौजूद चौकी इंचार्ज ने “तुम चलो, मैं आता हूं” कहकर बात टाल दी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि चकिया मोड़ तिराहे के पास पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध कब्जा कर कुछ लोगों को पैसे लेकर जगह भी दी गई है। साथ ही बिना बिजली कनेक्शन के बिजली के खंभे से तार खींचकर दुकान में बिजली का उपयोग किए जाने की भी शिकायत की गई है।

मामले को लेकर मुगलसराय कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *