पूर्वांचल राज्य वाराणसी(सुस्वाही)।
आदित्य पब्लिक स्कूल, सुस्वाही में आदर्श पत्रकार संघ द्वारा सोमवार देर शाम भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाराणसी सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों पत्रकारों ने भाग लिया। इस दौरान अतिथियों का अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन के साथ हुई। आदर्श पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पंडित ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी श्याम बहादुर दुबे सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पंडित ने कहा कि पत्रकारों को हमेशा निष्पक्ष और निर्भीक होकर पत्रकारिता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज की सच्चाई को सामने लाना है। इसलिए पत्रकारों को किसी भी प्रकार के दबाव, प्रभाव या प्रलोभन में आए बिना ईमानदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का संकल्प होना चाहिए कि वे बिना किसी भय के जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाएं और अपने कर्तव्य का निष्ठापूर्वक पालन करें।
समारोह के दौरान होली के पारंपरिक गीतों पर माहौल पूरी तरह रंगीन हो उठा। पत्रकारों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और फूल बरसाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
देर शाम तक चले इस समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी संवाद और एकजुटता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।










