पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के चिलकहर में एक किराना स्टोर में भीषण आग लग गई। इस घटना में दुकान मालिक की पत्नी और उनके बेटे की दम घुटने से मौत हो गई। आग बुझाने के दौरान दुकान मालिक धीरज चौरसिया छत से कूद गए, जिससे उनके पैर में चोट आई। चिलकहर-मटिहीं रोड पर स्थित धीरज किराना स्टोर में यह आग रात करीब दो बजे लगी। आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग तेजी से फैली और दुकान के साथ-साथ घर के हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के समय घर में सो रही दुकान मालिक धीरज चौरसिया की पत्नी रितिका चौरसिया (25) और उनके पुत्र की धुएं के कारण दम घुटने से मौत हो गई। उन्हें बाहर निकालने से पहले ही उनकी जान जा चुकी थी। बताया जा रहा है कि आग की तपिश से दुकान मालिक धीरज चौरसिया की नींद खुली। उन्होंने छत से नीचे कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, जिसमें उनका पैर टूट गया। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। बलिया के साथ-साथ रसड़ा, गड़वार और आसपास के थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद थी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग इतनी भीषण थी कि सोमवार सुबह नौ बजे तक भी दुकान से धुआं निकलता रहा। फायर ब्रिगेड कर्मियों के अनुसार, आग की वजह से मकान की छत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
अज्ञात कारणों से किराना दुकान में लगी आग से मां-बेटे की दम घुटने से मौत, पति ने कूदकर बचाई जान










