Home / Uncategorized / समायोजन के बाद भी पुराने स्कूल में जमीं प्रभारी प्रधानाध्यापिका, चार्ज लिए बिना ही जारी हो रहा वेतन

समायोजन के बाद भी पुराने स्कूल में जमीं प्रभारी प्रधानाध्यापिका, चार्ज लिए बिना ही जारी हो रहा वेतन

बीएसए-बीईओ के आदेशों के बाद भी नहीं पहुंचीं नए विद्यालय, सिसवा ब्लॉक में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/सिसवा बाजार।

बेसिक शिक्षा विभाग अक्सर अपनी कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में रहता है। कभी धन उगाही की शिकायतें सामने आती हैं तो कभी अधिकारियों और कर्मचारियों के मनमाने रवैये को लेकर सवाल उठते हैं। ऐसा ही एक मामला जनपद महराजगंज के सिसवा ब्लॉक से सामने आया है, जहां एक प्राथमिक विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका कुसुम यादव का समायोजन होने के बावजूद वे अब तक अपने नए विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने नहीं पहुंची हैं।
जानकारी के अनुसार संबंधित प्रभारी प्रधानाध्यापिका का समायोजन करीब दो माह पहले विभाग द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से दूसरे विद्यालय में कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें नए विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन अब तक उन्होंने पुराने विद्यालय को नहीं छोड़ा है और वहीं कार्य करती नजर आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) तथा खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) स्तर से भी निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि जिस प्राथमिक विद्यालय सबया में उनका समायोजन किया गया है, वहां का चार्ज उन्होंने अब तक नहीं लिया, फिर भी उसी विद्यालय से उनका वेतन जारी हो रहा है।
सूत्रों की मानें तो उक्त अध्यापिका का स्थानांतरण जनवरी माह में ही हो चुका था, लेकिन 16 मार्च 2026 तक उन्होंने समायोजित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इसके बावजूद वेतन जारी होना विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मामले में खंड शिक्षा अधिकारी बंशीधर सिंह की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्थानीय लोगों और शिक्षा से जुड़े व्यक्तियों का कहना है कि जब विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेशों का ही पालन नहीं हो पा रहा है, तो इससे विभागीय अनुशासन पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। पूर्वांचल राज्य समाचार पत्र के महराजगंज ब्यूरो चीफ अनिल जायसवाल ने खण्ड शिक्षा अधिकारी सिसवा बंशीधर सिंह से फोन पर सोमवार की सुबह लगभग 10:30 पर बातचीत की जिसमे बताया गया कि आज ही वो उनको प्रा0 वि0 मिसकारी टोला से रिलीज कर देंगे। लेकिन दोपहर 2:40 बजे तक उपरोक्त प्रभारी अध्यापिका कुसुम यादव प्रा0 वि0 मिसकारी टोला में ही दिखी।
फिलहाल यह मामला शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि विभाग इस प्रकरण को कितनी गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रभारी प्रधानाध्यापिका के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है और उन्हें नए विद्यालय में कार्यभार ग्रहण कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *