Photo
विद्युत व्यवस्था पर सख्त हुई विधान परिषद समिति
शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति की बैठक मंगलवार को वाराणसी स्थित सर्किट हाउस सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति अंगद कुमार सिंह ने की।
बैठक में समिति के सदस्यों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से जनपद में ट्रांसफार्मरों की स्थिति, उनकी मरम्मत, औसत विद्युत आपूर्ति और उपभोक्ता लोड के अनुरूप व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण और मीटर रीडिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
सभापति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा 1912 पर दर्ज शिकायतों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समयावधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त प्रस्तावों पर भी शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समिति ने ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कार्य समय से पूरा करने और अधिकारियों को जनहित के प्रति संवेदनशील रहने की हिदायत दी। साथ ही लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में विजिलेंस टीम द्वारा पारदर्शी तरीके से छापेमारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो।
बैठक में प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के विद्युतीकरण, लंबित बिजली बिलों और संबंधित शिकायतों के निस्तारण पर भी चर्चा हुई। समिति ने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन दिए जाएं। साथ ही, स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा ग्राम पंचायत भवनों और अंत्येष्टि स्थलों पर विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। चंदौली के विद्युत विभाग के जवाबों पर समिति ने असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को अगली बैठक में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य धर्मेन्द्र सिंह, श्याम नारायण सिंह ‘विनीत सिंह’, रविशंकर सिंह ‘पप्पू’, सत्यपाल सैनी, अमित गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










