पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा के दौरान शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने खास तौर पर इस बात पर नाराजगी जताई कि कई मामलों में शिकायतकर्ता से फीडबैक नहीं लिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने यहां आने वाली सभी शिकायतों का निस्तारण करने के बाद शिकायतकर्ता से अनिवार्य रूप से फीडबैक प्राप्त करे। इसके साथ ही निस्तारण से संबंधित आख्या और फोटोग्राफ्स आईजीआरएस पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायत निस्तारण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की महत्वपूर्ण प्रणाली है, जिसके माध्यम से जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाता है। ऐसे में सभी विभाग इसे गंभीरता से लें और समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, सीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
आईजीआरएस में लापरवाही पर डीएम सख्त, अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार










