पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। भोजपुरी फिल्म ‘फर्ज दीदी का, कर्ज भाई का’ की शूटिंग जनपद में शुरू हो गई है। यह फिल्म भाई-बहन के रिश्तों पर आधारित पारिवारिक ड्रामा है, जिसमें परिवार के ताने-बाने में आने वाले ट्विस्ट को दिखाया जाएगा। फिल्म में नायिका के रूप में अंजना सिंह और आकांक्षा वर्मा मुख्य भूमिका में हैं, जबकि सुशांत भाई का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी में एक बहन अपने भाई के लिए अपना फर्ज निभाते हुए अपनी जिंदगी की हर खुशी की कुर्बानी देती है। बहन अपने भाई के जीवन को बेहतर बनाने के लिए अपनी शादी तक नहीं करती और घर की जिम्मेदारियां उठाती है। यह फिल्म रिश्तों की डोर और भावनाओं से जुड़ी है, जिसमें दर्शक परिवार के रिश्तों की मजबूती और त्याग को देखेंगे। फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा वर्मा ने बताया कि ‘फर्ज दीदी का, कर्ज भाई का’ एक पारिवारिक फिल्म है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों से बन रही पारिवारिक फिल्मों में नारी सशक्तिकरण को दर्शाया जा रहा है, और यह फिल्म भी उसी कड़ी का हिस्सा है। फिल्म के निर्माता चंद्रशेखर दुबे ने कहा कि उनका मकसद इस फिल्म के जरिए भोजपुरी दर्शकों को एक बार फिर भोजपुरी फिल्मों से जोड़ना है। निर्देशक इंदर कपूर ने पुष्टि की कि यह फिल्म भाई और बहन की कहानी है, जिसमें अंजना सिंह बड़ी बहन का और सुशांत भाई का किरदार निभा रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग बलिया में 12 दिनों तक विभिन्न लोकेशंस पर की जाएगी। पूरी फिल्म बलिया में ही शूट की जाएगी।
भोजपुरी-फिल्म ‘फर्ज दीदी का, कर्ज भाई का’ शूटिंग भाई-बहन के रिश्तों की कहानी










