Home / Uncategorized / आईजीआरएस व जनसुनवाई पर कमिश्नर सख्त, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

आईजीआरएस व जनसुनवाई पर कमिश्नर सख्त, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

निष्ठा और समर्पण से करें काम—कमिश्नर ने अधिकारियों को दिए निर्देश

देर से आए फरियादी को भी मिले न्याय—अधिकारियों को दिए निर्देश
पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। कमिश्नर विवेक की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कंट्रोल रूम में सभी एसडीएम, बीडीओ और ईओ के साथ आईजीआरएस एवं जनसुनवाई प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान ईओ की कमी का मुद्दा सामने आया, जिस पर जिलाधिकारी ने बताया कि एक-एक ईओ के पास कई क्षेत्रों की जिम्मेदारी है। इस पर कमिश्नर ने निर्देश दिया कि जब तक अधिकारी यहां तैनात हैं, पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें तथा बलिया के विकास को चुनौती के रूप में लेते हुए योगदान दें। उन्होंने कहा कि जिस तरह जिलाधिकारी और सीडीओ कार्य कर रहे हैं, उसी प्रकार सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं। बीडीओ को अपने ब्लॉक और एसडीएम को अपनी तहसील का आधार बताते हुए उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने, मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने और सभी कार्यों को जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता पूर्ण हों और किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि सेवा के अंतिम समय तक पूरी लगन से कार्य करें और सेवानिवृत्ति को ध्यान में रखकर कार्य में ढिलाई न बरतें। जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान सभी तहसीलों से जुड़कर मामलों का निस्तारण करना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने निर्देश दिया कि जनता दर्शन में सुबह 10 से 12 बजे तक समय अवश्य दें, लेकिन यदि कोई फरियादी देर से भी पहुंचे तो उसे भी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उसकी समस्या का समाधान किया जाए। साथ ही गरीबों की सहायता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे स्वयं पहल कर जरूरतमंदों की मदद करें और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि बलिया को एक मेहनती और नवाचार की सोच रखने वाला जिलाधिकारी मिला है, जिसका लाभ जिले के विकास में दिखाई देना चाहिए। बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, एडीएम अनिल कुमार सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *