पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/घुघली पल्टू मिश्रा
जनपद महराजगंज के सिन्दुरिया थाने की पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में सराहनीय तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को पूरी धनराशि वापस दिला दी। थाना सिन्दुरिया की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने महज 24 घंटे के भीतर 11,000 रुपये रिकवर कर पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक ट्रांसफर कराए।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम मुजहना बुजुर्ग निवासी अमित कुमार कन्नौजिया ने 17 मार्च को सूचना दी थी कि उनके साथ UPI के माध्यम से 11,000 रुपये की साइबर ठगी हो गई है। सूचना मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क सक्रिय हो गई और तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते को ट्रेस किया और पूरी धनराशि को होल्ड कराकर पीड़ित के खाते में वापस करा दिया। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने सिन्दुरिया पुलिस का आभार व्यक्त किया।
साइबर टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
उपनिरीक्षक दिनेश कुमार चौधरी
कांस्टेबल आयुष राय
महिला कांस्टेबल अंकिता यादव
पुलिस की अपील:
महराजगंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आपकी रकम सुरक्षित की जा सके।










