Home / Uncategorized / चैत्र नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

चैत्र नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। चैत्र नवरात्र के पहले दिन गुरुवार को बलिया के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने अभीष्ट की कामना की। कई स्थानों पर घटस्थापना की गई और दुर्गा सप्तशती पाठ भी प्रारंभ किया गया। भोर की पहली किरण से पहले ही मां मंगला भवानी मंदिर, उचेड़ा स्थित मां भवानी मंदिर, शंकरपुर स्थित मां शांकरी भवानी मंदिर, ब्रम्हाइन स्थित मां ब्रम्हाणी देवी मंदिर, खरीद स्थित माता मंदिर, सिकंदरपुर स्थित जल्पा-कल्पा देवी मंदिर, गायघाट स्थित मां पचरूखा देवी मंदिर, सहतवार थाना क्षेत्र के बहुआरा स्थित मां पचेव देवी मंदिर, कपूरी स्थित मां कपिलेश्वरी भवानी मंदिर, जनपद मुख्यालय स्थित मां दुर्गा मंदिर, शोभनाथपुर स्थित मां भगवती मंदिर और अन्य मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिरों के प्रांगण और आस-पास चुनरी, प्रसाद और फूलों की दुकानों का इंतजाम किया गया था। कई स्थानों पर मेले भी लगे थे, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चन के बाद अपनी जरूरत का सामान खरीद रहे थे। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए स्वयंसेवक (वालंटियर) तैनात किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *