Home / Uncategorized / प्रोड्यूसर ने दिया प्रस्ताव 5-10 एकड़ जमीन मिलने पर पीपीपी मॉडल पर बनेगा फिल्म स्टूडियो

प्रोड्यूसर ने दिया प्रस्ताव 5-10 एकड़ जमीन मिलने पर पीपीपी मॉडल पर बनेगा फिल्म स्टूडियो

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद में आज कल भोजपुरी फिल्म ‘फर्ज दीदी का, कर्ज भाई का’ की शूटिंग चल रही है। इस दौरान फिल्म के प्रोड्यूसर चंद्रशेखर दुबे ने बलिया में एक फिल्म स्टूडियो बनाने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि 5 से 10 एकड़ जमीन मिलने पर पीपीपी मॉडल पर स्टूडियो बनाया जा सकता है। यह फिल्म भाई-बहन के रिश्तों पर आधारित एक पारिवारिक ड्रामा है, जिसमें परिवार के ताने-बाने में आए ट्विस्ट को दिखाया गया है। फिल्म में एक बहन अपने भाई के लिए अपने फर्ज निभाते हुए जिंदगी की खुशियों की कुर्बानी देती है। इसमें अंजना सिंह और आकांक्षा वर्मा नायिका के रूप में हैं, जबकि नायक सुशांत हैं। फिल्म अभिनेत्री अंजना सिंह ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत में बताया कि ‘फर्ज दीदी का, कर्ज भाई का’ एक फैमिली ड्रामा है। यह भाई-बहन के रिश्तों पर आधारित है, जिसमें दिखाया गया है कि कैसे एक बहन पूरे परिवार और समाज को देखते हुए अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारियों को भी निभाती है। प्रोड्यूसर चंद्रशेखर दुबे ने बलिया में कलाकारों की कमी न होने और अवसरों की प्रचुरता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बलिया ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध है, जिसे फिल्म इंडस्ट्री से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बलिया में फिल्म इंडस्ट्री के लिए अभी तक ज्यादा काम नहीं हुआ है। दुबे ने गांव के प्रधान बाबू विनोद सिंह से आग्रह किया है कि वे शासन से कम से कम 5 से 10 एकड़ जमीन एक फिल्म स्टूडियो बनाने के लिए मांगें। उन्होंने आश्वासन दिया कि जमीन मिलते ही वे पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर शूटिंग के लिए पूरा स्टूडियो बनाने को तैयार हैं। फिल्म के डायरेक्टर दिनकर कपूर ने बताया कि फिल्म की शूटिंग बलिया में अलग-अलग लोकेशंस पर 12 दिनों तक चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *