Home / Uncategorized / बीएचयू अस्पताल में घुसकर संविदाकर्मी से मारपीट, वारदात सीसीटीवी में कैद

बीएचयू अस्पताल में घुसकर संविदाकर्मी से मारपीट, वारदात सीसीटीवी में कैद

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो वाराणसी।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में तैनात एक संविदाकर्मी के साथ अस्पताल परिसर में घुसकर मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना लंका में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
मिर्जापुर निवासी रोहित कुमार सिंह, जो बीएचयू के टीबी एवं चेस्ट विभाग की ओपीडी में एमटीएस पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि 17 मार्च को दोपहर करीब 1:50 बजे वह ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान 4-5 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और डॉक्टरों व स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे।
रोहित के अनुसार, जब उन्होंने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका राज कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *