Home / Uncategorized / चंदौली में निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज का स्लैब क्षतिग्रस्त,जिम्मेदारों पर हुई कार्रवाई

चंदौली में निर्माणाधीन रेल ओवरब्रिज का स्लैब क्षतिग्रस्त,जिम्मेदारों पर हुई कार्रवाई

पूर्वांचल राज्य /चंदौली

चंदौली।जनपद चंदौली में डीएफसीसी रूट के मुगलसराय–गया रेल सेक्शन पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के स्लैब का हिस्सा कंक्रीटिंग के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, सदर तहसील के बनौली खुर्द क्षेत्र में सम्पार संख्या 78सी पर दो लेन के इस ओवरब्रिज का निर्माण सेतु निगम के माध्यम से ईपीसी मोड पर कराया जा रहा है। 18 मार्च की रात करीब 11 बजे एबटमेंट ए-2 और पियर पी-6 के बीच डेक स्लैब की कंक्रीटिंग के दौरान हाइड्रा मशीन का बूम स्टेजिंग से टकरा गया, जिससे स्टेजिंग सहित स्लैब का एक हिस्सा गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई
घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संबंधितों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है—
कार्यदायी संस्था सेतु निगम (निर्माण इकाई) के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।अवर अभियंता (जेई) गौतम कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सहायक अभियंता अविनाश कुमार आर्या तथा परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

तकनीकी जांच के आदेश

मामले की गहन जांच के लिए चीफ इंजीनियर, लोक निर्माण विभाग को पूरे प्रकरण की तकनीकी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही पूर्व में गठित त्रिसदस्यीय तकनीकी समिति को भी तीन दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *