सौहार्द बनाए रखने की अपील
पूर्वांचल राज्य/चंदौली
आगामी नवरात्रि, रामनवमी एवं ईद-उल-फितर पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि सभी त्यौहार हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं, जिन्हें आपसी भाईचारे और सहयोग के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए और पूर्व से चली आ रही परंपराओं के अनुरूप ही त्योहार मनाए जाएं।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने के लिए विशेष टीम भी सक्रिय कर दी गई है।
बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, गणमान्य नागरिक, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर, एसडीएम एवं क्षेत्राधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










