Home / Uncategorized / शास्त्री घाट पर नव संवत्सर का भव्य आगाज़, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में उमड़ा जनसैलाब

शास्त्री घाट पर नव संवत्सर का भव्य आगाज़, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ में उमड़ा जनसैलाब

पूर्वांचल राज्य
वाराणसी। चैत्र शुक्ल नवरात्र के पावन अवसर पर शास्त्री घाट पर नव संवत्सर अभिनंदन समारोह एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रचना अग्रवाल ने अपने संबोधन में भारतीय नववर्ष के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकता और संस्कारों की डोर में बांधने का कार्य करते हैं।
अतिथियों का स्वागत स्वावलंबी महिला व्यापार संगठन की अध्यक्ष डॉ. सरिता त्रिपाठी द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीए जमुना शुक्ला ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर योगाश्रय ध्यान केंद्र (सिकरोल) एवं भारत विकास परिषद सृजन शाखा द्वारा प्रस्तुत गरबा और डांडिया नृत्य ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। वहीं अतुलानंद स्कूल, सनबीम और सेंट मैरीज के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का संचालन अनुराधा पांडेय एवं शशि श्रीवास्तव ने कुशलतापूर्वक किया। आयोजन को सफल बनाने में वर्णा सेवा ट्रस्ट, वेस इंडिया, स्वावलंबी महिला व्यापार संगठन एवं ब्रह्मराष्ट्र एकम सहित कई संस्थाओं का सराहनीय योगदान रहा।
अंत में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं मंगलकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान ओपी शुक्ल, वैदेही सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *