पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली।कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला सलाहकार समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति और वित्तीय समावेशन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत अग्रणी जिला प्रबंधक सुनील कुमार भगत द्वारा स्वागत संबोधन से हुई, जिसके बाद उन्होंने अध्यक्ष की अनुमति से कार्यवाही प्रारंभ की। इस दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, बचत खातों एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि वे सीडी रेशियो (क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात) में सुधार लाएं और लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। विशेष रूप से मत्स्य विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाते हुए विभाग को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लंबित ऋण पत्रावलियों को शीघ्र स्वीकृत कर वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया। साथ ही, आकांक्षी जनपद चंदौली के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में आरबीआई लखनऊ के प्रतिनिधि दिशांत चंद्रायन, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रमुख, जिला समन्वयक एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










