पूर्वांचल राज्य/रुद्र पाठक
चंदौली। कटसिला रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के ढहने की घटना को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में चार सूत्रीय मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ भी मौजूद रहे।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए देवेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश में मौजूदा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन ओवरब्रिजों के गिरने, सड़कों के धंसने और पानी टंकियों के ढहने जैसी घटनाएं इसकी बानगी हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है।
वहीं अरुण द्विवेदी ने कहा कि कटसिला क्षेत्र के बनौली खुर्द में ओवरब्रिज का गिरना गंभीर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने मांग की कि चंदौली जिले में रेलवे क्रॉसिंगों पर बन रहे सभी ओवरब्रिजों की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही जिले से गुजरने वाले स्टेट और नेशनल हाईवे तथा निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता की भी जांच सुनिश्चित की जाए।
धरना-प्रदर्शन में प्रमुख रूप से बृजेश गुप्ता, मधु राय, रजनीकांत पांडेय, महेंद्र सिंह, गंगा प्रसाद, तरुण पांडेय, सतीश बिंद, राजेंद्र गौतम, दयाराम पटेल, राममूरत गुप्ता, गुलाब राम, शिवेंद्र मिश्रा, श्रीकांत पाठक, चंद्रवंश यादव, प्रिंस मिश्रा, अमरदेव राम, इंद्रजीत मिश्रा, मुकेश नंदन, राजकिशोर सिंह, राकेश सिंह, योगेंद्र सिंह, अविनाश विश्वकर्मा, श्री प्रकाश मिश्रा, पवन पासवान, जगदीश यादव, पंकज तिवारी, दिलीप गुप्ता, संतोष चौबे, शमशेर खान, दिलीप पाल, संतोष प्रसाद सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










