अश्लील टिप्पणियों व गाली-गलौज से त्रस्त पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र में एक युवती को सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर युवती की फोटो पर अश्लील टिप्पणियां करने और गाली-गलौज करने की शिकायत पुलिस से की गई है।
पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि “सजन 125478756” नाम की इंस्टाग्राम आईडी से लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 एवं आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि से बचें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










