ई-ग्राम स्वराज, जेम व पीएफएमएस के संचालन की दी गई जानकारी
पूर्वांचल राज्य वाराणसी (चोलापुर)।
राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत विकास खंड चोलापुर सभागार में शुक्रवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। उप निदेशक (पंचायत), वाराणसी मंडल के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक एवं ग्राम पंचायत सचिवों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी शिव नारायण सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अंशुमान सिंह एवं अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी शिव नारायण सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपना प्रोफाइल समयबद्ध ढंग से अपडेट करना चाहिए तथा ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को अनिवार्य रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि पंचायतों में होने वाले सभी क्रय एवं सेवाएं जेम पोर्टल के माध्यम से ही संपन्न की जाएं तथा सभी भुगतान पीएफएमएस के जरिए गेटवे प्रणाली से किए जाएं, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रशिक्षक शैलजा उपाध्याय एवं राधेश्याम यादव ने पंचायत विकास योजना के निर्माण की प्रक्रिया को सरल और व्यावहारिक तरीके से समझाया। साथ ही प्रतिभागियों को डिजिटल पोर्टलों के प्रभावी उपयोग और तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना, योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण विकास कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाना रहा।










