Home / Uncategorized / अब वाट्सएप पर आएगा हाउस टैक्स बिल, नगर निगम शुरू करेगा एआई चैटबॉट सेवा

अब वाट्सएप पर आएगा हाउस टैक्स बिल, नगर निगम शुरू करेगा एआई चैटबॉट सेवा

पूर्वांचल राज्य
शहर में नागरिक सुविधाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में नगर निगम एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब गृहकर, जलकर और सीवरकर से संबंधित बिल और नोटिस सीधे भवन स्वामियों के मोबाइल पर वाट्सएप के माध्यम से भेजे जाएंगे। इसके लिए निगम एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित चैटबॉट तकनीक विकसित कर रहा है, जिसे आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू करने की तैयारी है।

नगर निगम के इस हाईटेक पहल से शहर के करीब 2.32 लाख से अधिक भवन स्वामियों को सीधा लाभ मिलेगा। अभी तक टैक्स बिल मैनुअल या पारंपरिक माध्यम से भेजे जाते थे, जिससे समय पर सूचना न मिलने की शिकायतें आम थीं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह समस्या काफी हद तक समाप्त होने की उम्मीद है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, एआई चैटबॉट सिस्टम तेजी से विकसित किया जा रहा है और इसे एक माह के भीतर तैयार कर लिया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य टैक्स नोटिस वितरण में पारदर्शिता लाना और शिकायतों को खत्म करना है।

रियल-टाइम अपडेट और टू-वे कम्युनिकेशन की सुविधा

इस चैटबॉट की सबसे बड़ी विशेषता इसकी द्विपक्षीय संवाद प्रणाली होगी। यदि किसी कर निर्धारण या बिल में संशोधन किया जाता है, तो उसकी जानकारी तुरंत संबंधित भवन स्वामी को वाट्सएप पर मिल जाएगी। साथ ही नागरिक अपनी शिकायतें भी इसी प्लेटफॉर्म के जरिए दर्ज कर सकेंगे और उनके समाधान की स्थिति की जानकारी समय-समय पर प्राप्त कर सकेंगे।
24 घंटे उपलब्ध रहेगा डिजिटल असिस्टेंट
यह एआई चैटबॉट एक स्मार्ट डिजिटल असिस्टेंट की तरह कार्य करेगा, जो 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। नागरिक अपने प्रॉपर्टी आईडी के जरिए बकाया टैक्स की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, रसीद डाउनलोड कर सकेंगे और भुगतान के लिए सीधे लिंक भी हासिल कर सकेंगे।

नगर आयुक्त ने कहा कि तकनीक के उपयोग से नगर निगम नागरिक सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और तेज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस डिजिटल पहल से न केवल राजस्व वसूली में तेजी आएगी, बल्कि निगम और जनता के बीच संवाद भी मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *