Home / Uncategorized / मिर्जापुर में स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता: वाराणसी के पहलवानों का शानदार प्रदर्शन, 5 पदकों पर जमाया कब्जा

मिर्जापुर में स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता: वाराणसी के पहलवानों का शानदार प्रदर्शन, 5 पदकों पर जमाया कब्जा

पूर्वांचल राज्य
क्षेत्रीय खेल कार्यालय मिर्जापुर में 18 से 20 मार्च तक आयोजित ओपन आमंत्रण फ्री स्टाइल पुरुष स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता में वाराणसी जनपद के पहलवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। टीम ने एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

प्रतियोगिता के 97 किलोग्राम भार वर्ग में मनीष यादव ने बेहतरीन तकनीक और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 86 किलोग्राम वर्ग में रौनक यादव ने शानदार मुकाबलों के बाद रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा 61 किलोग्राम में कपिल देव यादव, 65 किलोग्राम में शिवेंद्र यादव और 92 किलोग्राम में हिमांशु यादव ने कांस्य पदक जीतकर वाराणसी की झोली में कुल पदकों की संख्या पांच तक पहुंचा दी।

प्रतियोगिता के दौरान उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय, वाराणसी कुश्ती संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोरख यादव, पूर्व उप-निदेशक खेल एल.आर. पटेल, पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी अर्जुन प्रसाद यादव सहित कई गणमान्य अधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद रहे। मिर्जापुर और आजमगढ़ के क्रीड़ा अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेफरी एवं प्रशिक्षकों ने भी प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन पर खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने खुशी जताई है। इसे आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए वाराणसी के खिलाड़ियों की मजबूत तैयारी का संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *