पूर्वांचल राज्य संवाददाता दीपू तिवारी
रेणुकूट (सोनभद्र) स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी के सामने एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, नगर निवासी विकास अग्रवाल पुत्र विनोद अग्रवाल शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मुख्य चौराहे के पास स्थित सीओ ऑफिस के सामने पहुंचा। उसने अपने साथ लाए लगभग 5 लीटर पेट्रोल से भरे गैलन को अपने ऊपर उड़ेल लिया। वह माचिस जलाने ही वाला था।
इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल पास में खड़े सिपाहियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को माचिस जलाने से पहले ही काबू में कर लिया। उसे तुरंत पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां पेट्रोल का असर खत्म करने के लिए उसे पानी से नहलाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी प्रणय प्रसून श्रीवास्तव और चौकी प्रभारी कुंवर सिंह ने परिजनों के साथ युवक से बातचीत की। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह घरेलू समस्याओं से परेशान होकर यह कदम उठाने जा रहा था।
युवक ने आगे ऐसी गलती न दोहराने का आश्वासन दिया है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना टल गई, जिसकी स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।










