पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/सिसवा बाजार।
सिसवा बाजार नगर पुलिस चौकी को जिला पंचायत महराजगंज द्वारा किराया बकाया के नाम पर चिरैया कोट में स्थानांतरित करने की प्रस्तावित योजना से नगर के व्यापारियों और आमजन में असुरक्षा की भावना व्याप्त हो गई थी। इस महत्वपूर्ण मुद्दे को शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल महराजगंज के जिला महामंत्री प्रमोद जायसवाल ने प्रमुखता से उठाया।
बैठक में जिलाधिकारी महराजगंज संतोष शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा के समक्ष समस्या रखी गई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत विभाग के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि सिसवा नगर में ही पुलिस चौकी यथावत संचालित रहेगी, जिससे स्थानीय लोगों की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि शासन द्वारा जनपद के प्रमुख स्थानों पर 15 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाने की स्वीकृति मिली है। इस पहल का व्यापारियों ने स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
प्रमोद जायसवाल ने सिसवा के स्टेट चौराहे पर भी सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग रखी, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही उक्त स्थान पर कैमरा स्थापित कराया जाएगा।
सिसवा में पुलिस चौकी यथावत रहने का भरोसा, स्टेट चौराहे पर जल्द लगेंगे सीसीटीवी कैमरे










