पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज/ठूठीबारी।
चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन विकास खंड घुघली अंतर्गत ग्राम सभा सिरसिया स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के सुंदरीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने विधिवत मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन के साथ किया। पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 43.62 लाख रुपये की लागत से इस महत्वपूर्ण कार्य की आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रदेश सरकार आस्था स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यह हनुमान मंदिर न केवल क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि स्थानीय सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। मंदिर के सुंदरीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
विधायक ने आगे कहा कि सरकार की मंशा धार्मिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत मंदिर परिसर का व्यापक सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सहयोग करें तथा मंदिर की स्वच्छता और मर्यादा बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही विकास कार्य स्थायी रूप ले सकते हैं।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख श्रवण सिंह, ग्राम प्रधान रवि पासवान, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, राकेश अग्रहरी, कन्हैया मोदनवाल, राजकुमार पासवान, दीपक यादव, उमेश प्रजापति, संजय पटेल, दुर्विजय पटेल, सुरेश पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मंगल गीत गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सिरसिया के प्राचीन हनुमान मंदिर के सुंदरीकरण कार्य का शिलान्यास, 43.62 लाख से होगा विकास










