घोसिया, भदोही। पवित्र पर्व ईद-उल-फितर के मौके पर घोसिया नगर में ईद की नमाज़ बड़े ही अकीदत, उल्लास और भाईचारे के माहौल में अदा की गई। नगर के विभिन्न स्थानों पर नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली और चारों ओर खुशियों का माहौल छाया रहा।
घोसिया के वार्ड नंबर 6 स्थित ईदगाह में दो जमातों में नमाज़ अदा की गई। पहली जमात सुबह 7:45 बजे मौलाना तनवीरुद्दीन की इमामत में संपन्न हुई, जबकि दूसरी जमात सुबह 8:45 बजे जीशान अमजदी के नेतृत्व में अदा की गई। इसके अलावा मिश्रानी मस्जिद में सुबह 7:30 बजे और नहरा ईदगाह पर सुबह 7:45 बजे नमाजियों ने नमाज़ अदा की।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन, तरक्की व खुशहाली की दुआ मांगी। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
ईदगाह और आसपास के इलाकों में मेले जैसा माहौल रहा, जहां मिठाई, पकौड़ी, चाट, फुलकी, पापड़ सहित विभिन्न खाद्य सामग्री की दुकानों पर भीड़ उमड़ी रही। वहीं बच्चों के लिए खिलौनों की दुकानों पर भी अच्छी-खासी खरीदारी देखने को मिली।
इस मौके पर चेयरमैन बेबी एबरार, हाफिज सलाउद्दीन साहब, पूर्व चेयरमैन नुमान अहमद, रईस उस्मानी, नसीम अहमद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ईद के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सभी नमाज़ स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे, जिसके चलते पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही।










