Home / Uncategorized / बेमौसम बरसात से गेहूं की फसल गिरी आलू और फल सब्जियों को नुकसान की आशंका

बेमौसम बरसात से गेहूं की फसल गिरी आलू और फल सब्जियों को नुकसान की आशंका

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। मौसम के अचानक बदले मिजाज से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। शनिवार को तड़के सुबह तीन बजे से तेज चमक व गरज के साथ शुरू हुई रिमझिम बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलें कई जगह गिर गईं। इस बेमौसम बरसात से किसानों को आलू, आम और लीची की फसलों को व्यापक नुकसान होने की आशंका है। किसानों के अनुसार, मार्च में ऐसी बारिश की उम्मीद नहीं थी। खेतों में आलू की फसल कटाई के लिए पूरी तरह तैयार थी। बारिश के कारण कई जगहों पर आलू के पौधे पानी से भीगकर झुक गए या गिर गए हैं। इससे आलू के सड़ने का खतरा बढ़ गया है। किसान राजेश ने बताया कि उन्होंने आलू की बुवाई सही समय पर की थी। अब फसल कटाई के करीब थी कि अचानक बारिश आ गई। उनका कहना है कि अगर दो-तीन दिन और बारिश हुई तो पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी। आम और लीची के बागों में लगे बौर (फूल) भी हल्की बारिश और हवा के साथ झड़ने लगे हैं, जिससे फलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार, इस बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता को इस अचानक मौसम परिवर्तन का कारण बताया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश और ठंडी हवाएं जारी रहने की संभावना जताई है। रिमझिम बरसात के कारण कुछ स्थानों पर हल्का जल जमाव भी देखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *