पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन बलिया जिले के विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर की पहली किरण फूटने से पहले ही भक्त माता रानी के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। पूरे भृगुक्षेत्र का वातावरण “जय माता दी” जैसे भक्तिमय नारों से गूंजता रहा। देवी मंदिरों को कहीं प्राकृतिक फूलों से तो कहीं आकर्षक झालरों से सजाया गया था, जिससे उत्सव का माहौल और भी मनमोहक हो गया। जिले के मां मंगला भवानी मंदिर, उचेड़ा स्थित मां भवानी मंदिर, शंकरपुर स्थित मां शांकरी भवानी मंदिर, ब्रम्हाइन स्थित मां ब्रम्हाणी देवी मंदिर, खरीद स्थित माता मंदिर, सिकन्दरपुर स्थित जल्पा-कल्पा देवी मंदिर, गायघाट स्थित मां पचरूखा देवी मंदिर, पचेव देवी मंदिर, कपूरी स्थित मां कपिलेश्वरी भवानी मंदिर, जनपद मुख्यालय स्थित मां दुर्गा मंदिर, शोभनाथपुर स्थित मां भगवती मंदिर, दुर्जनपुर स्थित मां काली मंदिर, रेवती स्थित मां दुर्गा मंदिर, काली माता मंदिर, बांसडीह स्थित मां दुर्गा मंदिर और सहतवार स्थित मां दुर्गा मंदिर सहित सभी प्रमुख देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।
विभिन्न देवी मंदिरों के प्रांगण और आसपास चुनरी, प्रसाद, फूलों सहित अन्य दुकानें सजी हुई थीं। कई मंदिरों पर मेले का भी आयोजन किया गया था, जहां पूजन-अर्चन के बाद श्रद्धालु अपनी जरूरत के सामानों की खरीदारी करते दिखे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए, मंदिरों में व्यवस्था बनाए रखने और भक्तों को किसी भी परेशानी से बचाने के लिए स्वयंसेवक तैनात किए गए थे।
चैत्र नवरात्र पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देवी मंदिरों में पूजन-अर्चन कर मांगी मनोकामनाएं










