पूर्वांचल राज्य
शहर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में वाराणसी नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने भेलूपुर और कैंट क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कुल 3.59 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
भेलूपुर जोन के नेवादा वार्ड (वार्ड संख्या 26) स्थित इन्द्रा नगर कॉलोनी में लंबे समय से चली आ रही सीवर समस्या के समाधान के लिए 915 मीटर लंबी नई सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया। इस परियोजना पर 230.30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को जलभराव और गंदगी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसी क्रम में कैंट विधानसभा क्षेत्र के लहरतारा वार्ड में पेयजल संकट को दूर करने के लिए दो महत्वपूर्ण कार्यों का शिलान्यास किया गया। डीह बाबा मंदिर के पास 75.74 लाख रुपये की लागत से नए मिनी नलकूप की स्थापना, अंतर्संयोजन और पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हुआ। वहीं लहरतारा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में 52.96 लाख रुपये की लागत से नलकूप के रिबोर और अंतर्संयोजन का कार्य कराया जाएगा।
इस अवसर पर पार्षद गरिमा सिंह, रविन्द्र सिंह, अतुल पांडेय, अजय बिंद, मदन मोहन तिवारी, संजू सरोज, प्रवीण राय, रविन्द्र सोनकर, नामित पार्षद मुन्ना सरोज, राजकुमार, कमलेश पाल सहित भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आमजन को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।










