कटहलगंज के पास देर रात हादसा, इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
पूर्वांचल राज्य वाराणसी।
चोलापुर थाना क्षेत्र के कटहलगंज के समीप शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार निजी चिकित्सक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर निवासी 40 वर्षीय डॉ. राजेश कुमार पुत्र बाबूलाल सिंधोरा बाजार में अपने निजी चिकित्सालय का संचालन करते थे। शनिवार को वह रोज की तरह मरीजों को देखने के बाद देर रात करीब 11 बजे बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
जैसे ही वह कटहलगंज के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डॉ. राजेश सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल चिकित्सक को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान में जुटी है।
मृतक डॉ. राजेश अपने पीछे पत्नी साधना और तीन बच्चों.. शिवम (15 वर्ष), स्वीटी (12 वर्ष) और नेहा (10 वर्ष) को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, डॉ. राजेश एक मिलनसार और सेवाभावी चिकित्सक थे, जिनकी असमय मौत से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।










