Home / Uncategorized / ट्रक-स्कार्पियो की भीषण टक्कर में दूध कारोबारी की मौत

ट्रक-स्कार्पियो की भीषण टक्कर में दूध कारोबारी की मौत

कटारी मोड़ के पास देर रात हादसा, ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

पूर्वांचल राज्य वाराणसी।

चोलापुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कार्पियो सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसा चोलापुर ब्लॉक के समीप कटारी मोड़ पर हुआ, जहां ट्रक और स्कार्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटखौली गोसाईपुर निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र यादव पुत्र रामराज यादव दूध का व्यवसाय करते थे। वह रोज की तरह दूध लेकर वाराणसी गए थे और रात में अपने एक मित्र के साथ स्कार्पियो से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कटारी मोड़ के पास वाराणसी की ओर से आ रही उनकी स्कार्पियो को आजमगढ़ की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायल सुरेंद्र यादव और उनके साथी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर सुरेंद्र को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक सुरेंद्र यादव तीन भाइयों में मझले थे। उनके बड़े भाई जयप्रकाश यादव और छोटे भाई वीरेंद्र यादव हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सीमा और मां हीरावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरेंद्र अपने पीछे दो जुड़वां बेटियां रिद्धि-सिद्धि और सात वर्षीय एक पुत्र धनुष यादव को छोड़ गए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *