पूर्वांचल राज्य | काजल तिवारी
कानपुर देहात, 23 मार्च। कानपुर-औरैया हाईवे पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुंभी दूध फैक्ट्री के पास दो कारों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर व स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कानपुर से औरैया की ओर जा रही होंडा अमेज कार (UP 78 FH 3585) अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी समय औरैया से कानपुर की ओर आ रही एक अन्य कार (UP 70 HS 9813) से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इस हादसे में श्रेष्ठ केसरवानी (पुत्र रमेश चंद्र केसरवानी, निवासी प्रीतम नगर, प्रयागराज), गौरव (पुत्र पप्पू शर्मा, निवासी चौक, प्रयागराज), हिमांशु केसरवानी (पुत्र मुन्ना केसरवानी, निवासी धूमनगंज, प्रयागराज) और रवि (पुत्र लखन लाल शर्मा, निवासी चौक, प्रयागराज) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद हिमांशु केसरवानी और रवि को मृत घोषित कर दिया। वहीं श्रेष्ठ केसरवानी और गौरव का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।










