पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
(सोनभद्र) रेणुकूट कर्मचारी राज्य बीमा चिकित्सालय में डेंटल ओपीडी का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन चेयरमैन ममता सिंह, पूर्व चेयरमैन अनिल सिंह एवं चिकित्सालय के अधीक्षक आशुतोष दत्त त्रिपाठी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर डॉ. ऋषि मणि त्रिपाठी सहित अन्य चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक सौम्य पांडेय ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि निकट भविष्य में यहां आरसीटी (रूट कैनाल ट्रीटमेंट) और कैपिंग जैसी उन्नत दंत चिकित्सा सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी, जिससे मरीजों को बेहतर और आधुनिक उपचार मिल सकेगा।
डॉ. ऋषि मणि त्रिपाठी ने बताया कि फिलहाल दांतों के प्राथमिक उपचार की सेवाएं शुरू कर दी गई हैं, जिससे मरीजों को तत्काल राहत मिल सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि समय के साथ यहां और अधिक सुविधाएं जोड़ी जाएंगी, ताकि क्षेत्र के लोगों को संपूर्ण दंत चिकित्सा सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।
वहीं अधीक्षक आशुतोष दत्त त्रिपाठी ने कहा कि इस नई सुविधा से विशेष रूप से मजदूर वर्ग को काफी लाभ मिलेगा, क्योंकि अब उन्हें दंत उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए चिकित्सालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होता रहेगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलती रहेंगी।









