पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज / घुघली पल्टू मिश्रा
जनपद महराजगंज के शिकारपुर क्षेत्र स्थित कोटही माता मंदिर परिसर में आयोजित नवदिवसीय श्री श्री 108 शतचंडी महायज्ञ के अंतर्गत रामलीला मंचन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। यज्ञ के क्रम में आयोजित रामलीला के दौरान ‘सीता फुलवारी’ प्रसंग का जीवंत मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण देर रात तक डटे रहे।
रामलीला मंचन में कलाकारों ने माता सीता और भगवान राम के प्रथम मिलन के प्रसंग को अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया। जनकपुरी की फुलवारी में माता सीता का सखियों के साथ विचरण और भगवान राम का वहां आगमन, दोनों के बीच पहली नजर का भावपूर्ण चित्रण दर्शकों के हृदय को छू गया। मंचन के दौरान कलाकारों के संवाद, हाव-भाव और सजीव अभिनय ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित दर्शक ‘जय श्री राम’ और ‘सीता-राम’ के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान करते रहे। कई दर्शक भावुक होकर भक्ति रस में डूबते नजर आए। मंदिर परिसर में सजी आकर्षक सजावट और यज्ञ की पवित्र अग्नि के बीच यह आयोजन एक आध्यात्मिक उत्सव का रूप ले चुका है।
यज्ञ आचार्य ने बताया कि शतचंडी महायज्ञ के आयोजन से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि का संचार होता है। इस अवसर पर प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, कथा एवं रामलीला का मंचन किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को धर्म और संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंदिर समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा। सुरक्षा एवं व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
नवदिवसीय महायज्ञ के आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों एवं रामलीला के अन्य प्रसंगों का मंचन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहेगा।










