पूर्वांचल राज्य संवाददाता: दीपू तिवारी
अनपरा (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
घटना से आक्रोशित वार्डवासियों ने आरोपी को उसकी दुकान से पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद भीड़ आरोपी को करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए अनपरा थाने पहुंची और पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी क्षेत्र में इलेक्ट्रिकल रिपेयर का काम करता था और घरों में जाकर बिजली व पंखा ठीक करता था। आरोप है कि उसने एक घर में काम के दौरान 9 वर्षीय बच्ची के साथ कई बार गलत हरकत की।
सोमवार को ट्यूशन पढ़ाने आई शिक्षिका द्वारा बच्चों को “गुड टच-बैड टच” के बारे में जानकारी देने के दौरान बच्ची रोने लगी और उसने अपने साथ हुई आपबीती बताई, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मासूम से छेड़छाड़ का आरोप, भीड़ का फूटा गुस्सा, आरोपी गिरफ्तार










