पूर्वांचल राज्यडॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सोमवार को जिला स्तरीय जूनियर एवं यूथ (बालक-बालिका) वर्ग की बॉक्सिंग चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। ट्रायल में खिलाड़ियों ने उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लिया, जिसके आधार पर कुल 26 मुक्केबाजों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया गया।
चयनित खिलाड़ियों में जूनियर बालक वर्ग से 9 तथा बालिका वर्ग से 5 मुक्केबाज शामिल हैं। वहीं यूथ वर्ग में बालक वर्ग से 9 और बालिका वर्ग से 3 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। ये सभी खिलाड़ी 25 व 26 मार्च 2026 को गाजियाबाद के महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली जूनियर स्टेट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इसके अतिरिक्त यूथ वर्ग के चयनित मुक्केबाज 31 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक हापुड़ में आयोजित होने वाली यूथ स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी प्रतिभाग करेंगे, जहां उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
चयन प्रक्रिया वाराणसी जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव जनार्दन यादव एवं संयुक्त सचिव मनोज कुमार प्रजापति की देखरेख में संपन्न हुई। इस दौरान कोचों और पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिला संघ के पदाधिकारियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर उनके खेल जीवन में नई दिशा देने वाला साबित होगा।
वाराणसी में बॉक्सिंग ट्रायल संपन्न, 26 मुक्केबाज राज्य प्रतियोगिता के लिए चयनित










