पूर्वांचल राज्य/चंदौली
चंदौली।मंगलवार को HDFC Bank की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल ‘परिवर्तन’ के तहत जनपद चंदौली के चकिया विकास खंड में समेकित ग्रामीण विकास कार्यक्रम (IRDP) का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम अर्पण सेवा संस्थान के सहयोग से 12 चयनित गांवों में संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग एवं आर. जगत साई ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बैंक के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि शिकारगंज क्षेत्र के गांवों को इस परियोजना में शामिल किया गया है, जहां CSR फंड के माध्यम से कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यान और स्वयं सहायता समूहों के जरिए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से योजना से जुड़कर लाभ उठाने की अपील की।
इस योजना के तहत करीब 1500 परिवारों के जीवन स्तर को सुधारने का लक्ष्य है। प्रमुख कार्यों में सोलर पंपों के जरिए सिंचाई सुविधा का विस्तार, सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना, किसान फील्ड स्कूल के माध्यम से आधुनिक कृषि प्रशिक्षण, ग्राम विकास समितियों का सशक्तिकरण तथा स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना शामिल है।
साथ ही, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जाएंगे। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जाएगा तथा प्राथमिक विद्यालयों को मॉडल स्कूल और स्मार्ट आंगनवाड़ी के रूप में विकसित किया जाएगा।
अब तक लगभग 84 एकड़ भूमि को सौर सिंचाई से जोड़ा जा चुका है और 1600 से अधिक ग्रामीण परिवारों को इसका लाभ मिला है। यह पहल ग्रामीण आजीविका, शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
एचडीएफसी बैंक के क्लस्टर हेड बालमुकुंद राय ने कहा कि ‘परिवर्तन’ पहल के माध्यम से बैंक सतत विकास और समावेशी प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर मजबूत कर रहा है।
कार्यक्रम का संचालन शाखा प्रबंधक मनोज कुमार ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत रिलेशनशिप मैनेजर सौरभ श्रीवास्तव ने किया।










