पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
बलिया। जनपद के सहतवार निवासी निधि पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग परीक्षा 2024 में सफलता हासिल की है। उन्हें सीटीओ के पद पर चयनित किया गया है और उन्होंने 30वीं रैंक प्राप्त की है। निधि पाण्डेय सहतवार निवासी हैं और बांसडीह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल पाण्डेय की पुत्री हैं। उनकी मां प्रतिभा पाण्डेय गृहिणी हैं। निधि की प्रारंभिक शिक्षा सहतवार के कृष्णा देवी पब्लिक स्कूल से हुई। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से बॉटनी ऑनर्स में बीएससी की डिग्री प्राप्त की और इग्नू से पॉलिटिकल साइंस में पीजी किया। इसके बाद उन्होंने घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की। उनके बड़े पापा, पूर्व शाखा प्रबंधक लल्लन पाण्डेय ने बताया कि निधि शुरू से ही मेधावी रही हैं। वह प्रतिदिन 10 से 12 घंटे पढ़ाई करती थीं। उन्होंने यह भी बताया कि रात में जब भी वह जागते थे, तो निधि के कमरे की लाइट जलती मिलती थी और सुबह उनके हाथ में किताब होती थी। परिणाम की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में खुशी का माहौल छा गया। सुबह परिवार के सदस्यों ने विभिन्न देवी-देवताओं के मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की। निधि के पैतृक आवास सहतवार पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार कर रहे हैं। निधि के भाई अखिल पाण्डेय एमबीबीएस करने के बाद प्रयागराज के स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज से एमडी की पढ़ाई कर रहे हैं।
बलिया की निधि पाण्डेय का यूपीपीसीएस में चयनित होने पर परिवार में जश्न का माहौल










