चंदौली।जनपद में सोमवार को आयोजित एक समारोह में 09 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं 503 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग तथा मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।इस दौरान 09 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 50 सहायिकाओं को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि शेष सहायिकाओं को जल्द ही पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अवसर पर 17 पूर्ण आंगनबाड़ी केंद्रों एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय सह गोदाम, शहाबगंज का लोकार्पण भी किया गया।समारोह के दौरान लखनऊ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें मुख्यमंत्री की उपस्थिति रही।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने नवचयनित कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की जिम्मेदारी इनके कंधों पर है और यह देश के भविष्य को संवारने का कार्य करती हैं। उन्होंने कार्य के प्रति समर्पण, प्रशिक्षण और तकनीकी ज्ञान, विशेषकर स्मार्टफोन व विभागीय एप्स के उपयोग पर जोर दिया।उन्होंने बताया कि जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ बनाने के लिए फर्नीचर व आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज की आधारशिला हैं और कुपोषण उन्मूलन में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने सभी से निष्ठा और लगन के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीडीपीओ समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं उपस्थित रहीं।
चंदौली में 512 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र,17 केंद्रों का लोकार्पण










