Home / Uncategorized / नेपाल हादसे के घायलों से मिले डीएम-एसपी, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में लिया इलाज का जायजा

नेपाल हादसे के घायलों से मिले डीएम-एसपी, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में लिया इलाज का जायजा

पूर्वांचल राज्य ब्यूरो
महराजगंज ( घुघली)
पल्टू मिश्रा

महराजगंज, 24 अप्रैल 2026। नेपाल में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद घायल हुए श्रद्धालुओं का हाल जानने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और उनके उपचार की स्थिति का गहन निरीक्षण किया।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया तथा चिकित्सकों से उनके इलाज की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से वार्ता करते हुए निर्देश दिया कि सभी घायलों को प्राथमिकता के आधार पर समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने आवश्यक दवाएं, जांच और चिकित्सकीय सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
घायलों और उनके परिजनों की सहायता के लिए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था भी की गई है। इसके तहत नायब तहसीलदार श्री प्रद्युम्न सिंह एवं फार्मासिस्ट श्री धर्मेंद्र त्रिपाठी की ड्यूटी मेडिकल कॉलेज में लगाई गई है, जो लगातार मरीजों और उनके परिजनों को सहयोग प्रदान कर रहे हैं तथा अस्पताल और प्रशासन के बीच समन्वय बनाए हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, भर्ती कुल घायलों में से 6 लोग प्राथमिक उपचार के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। शेष घायलों की स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है और चिकित्सकीय टीम उनकी निगरानी कर रही है।
इस अवसर पर डीएम और एसपी ने घायलों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर तत्काल हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
प्रशासन की तत्परता और मानवीय संवेदना ने घायलों और उनके परिजनों को बड़ी राहत दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *