पूर्वाचल राज्य वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित काशी दौरे को लेकर कांग्रेस ने जनहित के मुद्दों को उठाने की तैयारी तेज कर दी है। महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मांगा है।
चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री काशी से तीसरी बार सांसद हैं, इसलिए उनका दायित्व है कि वे विपक्ष की बात भी सुनें। उन्होंने लोकतंत्र में संवाद को जरूरी बताते हुए काशी की समस्याओं पर सीधा हस्तक्षेप मांगा।
कांग्रेस ने दस सूत्रीय मांगों में प्रीपेड बिजली मीटर से राहत, दालमंडी में विस्थापन रोकने, स्थानीय लोगों के लिए बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन समय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार, बुनकरों के लिए पैकेज और बनारसी साड़ी उद्योग को संरक्षण देने की मांग उठाई।
इसके अलावा बीएचयू कर्मियों के नियमितीकरण, रामनगर पालिका बहाली, अधिवक्ता सुरक्षा कानून और कैशलेस चिकित्सा जैसी मांगें भी शामिल हैं।
कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री प्रतिनिधिमंडल को समय देकर काशीवासियों की समस्याओं पर ठोस निर्णय लेंगे।
पीएम के काशी दौरे से पहले कांग्रेस सक्रिय, जनसमस्याओं पर मिलने का समय मांगा










