Home / Uncategorized / राबर्ट्सगंज में अपना दल (एस) की बैठक, संगठन मजबूती को लेकर बनी रणनीति

राबर्ट्सगंज में अपना दल (एस) की बैठक, संगठन मजबूती को लेकर बनी रणनीति

पूर्वाचल राज्य संवाददाता : दीपू तिवारी

सोनभद्र। राबर्ट्सगंज स्थित अपना दल (एस) कार्यालय पर आयोजित मासिक बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए गांव एवं बूथ स्तर तक संगठन विस्तार अभियान तेज करने पर जोर दिया। साथ ही संगठन में नई जिम्मेदारियां तय करने एवं सेक्टर स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि अपना दल (एस) लगातार जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है, जिसके चलते समाज के विभिन्न वर्गों का पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ रहा है। संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई।

इसी क्रम में स्वर्णकार समाज रेणुकूट के अध्यक्ष संजय वर्मा ने अपना दल (एस) की नीतियों एवं नेतृत्व से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रीति सिंह राजपूत की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

सदस्यता ग्रहण करने के बाद संजय वर्मा ने कहा कि अपना दल (एस) समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में समाज के पिछड़े, वंचित, महिलाओं एवं युवाओं को नई दिशा मिली है। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर प्रीति सिंह राजपूत ने कहा कि अपना दल (एस) सर्वसमाज की पार्टी है, जहां हर वर्ग के लोगों को समान सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मेहनत के आधार पर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व सदैव कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में सहभागी रहता है, जिससे संगठन में उत्साह बना रहता है।

जिला अध्यक्ष अंजनी पटेल ने पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि विभिन्न समाजों के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं, जो संगठन की बढ़ती ताकत का संकेत है। उन्होंने स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सोनी एवं संजय वर्मा का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।

बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष सतनारायण पटेल, युवा मंच प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद दयाल, अल्पसंख्यक मंच प्रदेश सचिव महताब आलम, मीडिया प्रभारी नीरज पटेल, महिला मंच जिला अध्यक्ष स्नेह लता पांडे, दुर्गेश चौबे, राजीव लोचन, सुनील शर्मा, रामसूरत, मानसिंह गोंड सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *